लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह का पहला खाना बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के लिए बेहद जरूरी होता है। एक हेल्दी ब्रेकफास्ट उन्हें दिनभर की एक्टिविटीज के लिए एनर्जी देता है, दिमाग के विकास में मदद करता है और उनकी इम्युनिटी को बढ़ाता है। इसलिए आप अपने बच्चे को सुबह सबसे पहले क्या खिलाते हैं, इस पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। आइए जानें बच्चों को सुबह खिलाने के लिए कुछ हेल्दी चीजें।
भीगे हुए बादाम
बच्चों के दिन की शुरुआत भीगे बादाम से करने से उनकी सेहत को काफी फायदा मिलेगा। बादाम पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, इसलिए बच्चों को ये जरूर खिलाने चाहिए। हालांकि, बादाम भिगोकर ही खिलाएं, ताकि सेहत को इनका पूरा फायदा मिल सके।
यह विडियो भी देखें
भीगे हुए बादाम खाने से दिमाग का विकास बेहतर होता है। इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन-ई होता है, जो याददाश्त और दिमागी क्षमता बढ़ाता है। साथ ही, बादाम में कैल्शियम और मैग्नीशियम होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। इतना ही नहीं, बादाम में मौजूद फाइबर पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है।
यह भी पढ़ें: गर्मियों में बच्चों को चुस्त-दुरुस्त रखेंगे 5 Foods, दिनभर बनी रहेगी एनर्जी और हाइड्रेटेड रहेगा शरीर
भीगी हुई किशमिश
बच्चों के लिए भीगी हुई किशमिश भी काफी फायदेमंद होती है। इसमें मौजूद आयरन, शरीर में खून की कमी नहीं होने देता और एनीमिया से बचाता है। इसके अलावा, किशमिश में मौजूद नेचुरल शुगर से तुरंत एनर्जी भी मिलती है, जिससे दिनभर की एक्टिविटीज के लिए बच्चों को ताकत मिलती है। किशमिश पाचन के लिए भी काफी फायदेमंद होती है। इससे बच्चों को कब्ज की परेशानी कम होती है।
रोज सुबह रातभर भिगोई हुई 8-10 किशमिश बच्चे को खिलाएं। अगर बच्चा साबुत किशमिश नहीं खाता, तो इसे दलिया में मिलाकर भी खिला सकते हैं।
शहद और तुलसी का पानी
बच्चों को सुबह-सुबह गुनगुने पानी में तुलसी का रस और शहद मिलाकर पिलाना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। शहद एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर है और तुलसी इम्यूनिटी बढ़ाती है। इसे पीने से बच्चों की इम्युनिटी बढ़ती है और वे बार-बार बीमार नहीं होते। इसके अलावा, इनमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स भी मौजूद होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव डैमेज कम करते हैं। तुलसी और शहद से खांसी-जुकाम या गले की खराश को भी दूर करने में मदद करती है।
सेब
सेब सिर्फ बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि वयस्कों के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। वो कहते हैं न ‘एन एप्पल अ डे, कीप्स द डॉक्टर अवे’। इसलिए बच्चों को रोज सुबह सेब खिलाना काफी फायदेमंद होता है। सेब में फाइबर, विटामिन और मिनरल्स होते हैं। इसे खाने से पाचन दुरुस्त रहता है और ये बच्चों के दांतों के लिए भी काफी अच्छा होता है। साथ ही, रोज सुबह एक सेब खाने से बीमार पड़ने का रिस्क भी कम होता है।
